अस्पताल प्रबंध पर शिकायत सुनने के बजाय इलाज करने से मना करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नूंह के मलिक अस्पताल में प्रसव के लिए पहुंची गर्भवती के परिजनों ने पेशाब की नली काटने और जन्म के तीन दिन बाद उसके नवजात की मौत होने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ गई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उनकी शिकायत सुनने के बजाय इलाज करने से भी मना कर दिया। परिवार ने स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव ढाना, खंड पिनगवां निवासी जाहुल के अनुसार, पत्नी मोमिना को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने ऑपरेशन से प्रसव कराने की बात कही। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान महिला की पेशाब की नली काट दी गई। इसके बाद पेशाब सामान्य रास्ते से निकलने के बजाय गर्भाशय के रास्ते आने लगा। जाहुल का आरोप है कि अस्पताल संचालक से शिकायत करने पर उनके साथ बदतमीजी की गई और आगे इलाज करने से इन्कार कर दिया गया। परिवार का यह भी आरोप है कि नवजात की उचित देखभाल नहीं हुई और जन्म के तीन दिन बाद उसकी मौत हो गई। अस्पताल संचालक डॉ. अतुल ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा है कि मामले की जांच चल रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं गंभीर मामले
नूंह में यह पहला मामला नहीं है, जब ऑपरेशन के दौरान कथित लापरवाही के आरोप लगे हों। वर्ष 2023 में मालब गांव की महिला के परिजनों ने पित्त की थैली के ऑपरेशन के दौरान पेट में पट्टी छोड़ने का आरोप लगाया था। महिला लंबे समय तक दर्द से परेशान रही और बाद में जांच में पेट में पट्टी होने की बात सामने आने का दावा किया गया।
जुलाई 2025 में मांडीखेड़ा स्थित अल आफिया नागरिक अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात का हाथ कटने का मामला सामने आया था। इस मामले में हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेकर स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांगी थी। सितंबर 2025 में बिछोर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान महिला का गर्भाशय फटने का आरोप लगा था।
इसके अलावा वर्ष 2026 में नूंह मेडिकल कॉलेज में चार वर्षीय बच्चे के गलत पैर का ऑपरेशन किए जाने का मामला सामने आया। वहीं तावडू के अल सलाम अस्पताल में गुर्दे की पथरी के ऑपरेशन के लिए पहुंचे मरीज की पित्त की थैली निकालने का आरोप लगा था। इस मामले में अस्पताल संचालक और सर्जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की खबर भी सामने आई थी।
कोट
ऑपरेशन के नाम पर लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - ज्योत्स्ना, सिविल सर्जन, नूंह