सहसोला में टनल हादसे के बाद किसानों के लिए बड़ी राहत
100 से अधिक किसानों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। ग्राम पंचायत सहसोला में हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर की निर्माणाधीन टनल में हुए दो हादसों के बाद जिला प्रशासन ने किसानों के हित में बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने करीब 2.8 किलोमीटर क्षेत्र में 40 एकड़ से अधिक जमीन के अधिग्रहण की सिफारिश कर रेलवे विभाग को रिपोर्ट भेजी है। इससे 100 से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि 5 अक्तूबर को पाटुका गांव में टनल का हिस्सा धंस गया था। इसके बाद 10 को करीब 500 मीटर के दायरे में 40 से 50 फीट नीचे मिट्टी का बड़ा धंसाव हुआ। इससे एक स्कूल भवन और मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि गेल की गैस पाइपलाइन भी सतह पर दिखाई देने लगी। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद एडीसी ज्योति के नेतृत्व में कमेटी गठित कर जांच शुरू की गई। किसानों ने जमीन अधिग्रहण और नुकसान के मुआवजे की मांग उठाई थी। उनका कहना था कि टनल के ऊपर जमीन होने से बोरिंग, मकान निर्माण और खेती करने में भी खतरा महसूस होता है।
प्रशासन अब क्षतिग्रस्त भवनों और सीलन की भी जांच करा रहा है। जिला परिषद सदस्य हैदर अली, सरपंच शहजाद और ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत किया है।