शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में महिलाओं के विरुद्ध अपराध निरंतर जारी है। उटावड़ थाना अंतर्गत घर में सो रही युवती से हथियार दिखा दुष्कर्म किया। परिजनों के आने पर आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा साथी शिक्षक ने शारीरिक संबंध न बनाने पर शिक्षिका के निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। तीसरे मामले में पति से राजीनामा कराने के नाम पर महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। वहीं एक युवती घर से संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पहले मामले में उटावड़ थाना प्रभारी टेक सिंह के अनुसार, गांव निवासी युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने घर में बने कमरे में सोई हुई थी। दूसरे कमरे में माता-पिता सोए हुए थे। सुबह के करीब तीन बजे गांव निवासी आमिर अपने एक अन्य साथी के साथ उसके कमरे में घुस आया। आरोपी ने उसके मुंह पर हाथ रखकर दबा दिया। उसके साथ दुष्कर्म किया और शोर मचाने पर अपनी जेब से तमंचा निकाल लिया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एक नामजद सहित दोनों के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिक्षिका के फोटो किए सोशल मीडिया पर वायरल
पलवल। निजी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका ने शारीरिक संबंध बनाने से मना किया तो उसके फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। कैंप थाना प्रभारी सत्यनारायण के अनुसार, एक कॉलोनी निवासी शिक्षिका ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह वर्ष 2020 में एक निजी स्कूल में शिक्षिका के पद पर नौकरी करती थी। पीड़िता का आरोप है कि उसी स्कूल में उसके साथ राजबीर नामक एक शिक्षक भी नौकरी करता था। जिसके चलते राजबीर से उसकी जान पहचान हो गई। राजबीर ने बिना बताए उसकी कुछ निजी फोटो अपने फोन से खींच लिए। जून 2023 में उसने स्कूल से नौकरी छोड़ दी। जिसके बाद से उसकी राजबीर से बात-चीत बंद हो गई। आरोपी राजबीर उसके पास बार-बार फोन करता और उस पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि वह जब बाजार जाती तो आरोपी उसका पीछा करता था। आरोपी राजबीर उसे धमकी देता कि यदि वह मिलने नहीं आई तो उसके जो फोटो उसके पास हैं, उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। उसने आरोपी की बात नहीं मानी। कुछ दिन बाद उसके भाई को कॉलोनी निवासी एक युवक ने बताया कि उसकी बहन की कुछ फोटो उसके पास आई हैं। पीड़िता के मुताबिक उसे पूरा शक है कि ये फोटो राजबीर ने ही उसे बदनाम करने के लिए वायरल की है।
राजीनामा करने के नाम पर महिला के साथ छेड़छाड़
होडल। मुंडकटी थाना क्षेत्र के गांव में एक विवाहिता के पति के साथ मनमुटाव का राजीनामा कराने की एवज में आरोपी ने महिला के साथ उसके घर में छेड़छाड़ कर उसके कपड़े फाड़ दिए। थाना प्रभारी सचिन कुमार के अनुसार, गांव निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी बल्लभगढ़ के गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी के बाद से पति पत्नी के बीच में मनमुटाव चल रहा है तथा मामला अदालत में चल रहा है। बीती नौ जून को गांव बिझोपुर निवासी आसीन उसके घर आया आया और पति पत्नी के बीच में राजीनामे की बात कराने को कहने लगा। पीड़िता ने बताया कि उसकी मां बहरी और अंधी है। इसको देखकर आरोपी ने गलत नीयत से छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए।
संदिग्ध परिस्थिति में युवती लापता
पलवल। चांदहट थाना अंतर्गत एक 23 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई। चांदहट थाना में कार्यरत जांच अधिकारी अख्तर के अनुसार, एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बीती 24 जून को उसकी 23 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से कहीं चली गई। काफी तलाश करने पर भी उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। चांदहट थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।