29पीएएलपी6- पुलिस की गिरफ्त में तस्कर व उनसे बरामद गांजा पत्ती।
एसटीएफ ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पुलिस की एसटीएफ शाखा ने केएमपी एक्सप्रेस वे से तीन नशा तस्करों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों से करीब 10 लाख रुपये की 97 किलोग्राम गांजा पत्ती बरामद की है। आरोपी गांजा पत्ती को आंध्र प्रदेश से पंजाब के भठिंडा सप्लाई के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसटीएफ शाखा प्रभारी चंद्रभान भारद्वाज ने बताया कि उनकी टीम ने सूचना के आधार पर बीती 28 जून को केएमपी एक्सप्रेस वे से तीन युवकों को गांजा पत्ती के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान फतेहाबाद निवासी इंद्रजीत, रामकिशन व अर्जुन के रूप में हुई। आरोपी यह गांजा पत्ती रेहड़ीनुमा बाइक से ले जा रहे थे। तलाशी लेने पर बाइक से 97 किलोग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई, जिसकी बाजार में कीमत 10 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नूंह के रोजका मेव थाने में एनडीपीएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है।