पलवल। एक महिला को उसी की बहन के देवर ने फोन कर स्टेशन पर बुलाया और उसे नशीला पेयजल पिलाकर बेहोशी की हालात में उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी ने महिला के अश्लील वीडियो व फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सविता ने बताया कि 33 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अक्तूबर वर्ष 2019 को बहन के देवर ने फोन कर उसे रेलवे स्टेशन पर बुलाया। पीड़िता जब बहन के देवर को लेने के लिए स्टेशन पर पहुंची तो उसने उसे पानी पीने को दिया। पानी पीने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई और आरोपी उसे कार में बैठाकर किसी कमरे पर ले गया। जहां पर आरोपी ने बेहोशी की हालात में पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बनाकर अश्लील फोटो भी ले लिए। आरोपी अश्लील वीडियो व फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा तथा किसी को बताने पर पीड़िता व उसके पति को जान से मारने की धमकी देता रहा। रिश्तेदारी का मामला व इज्जत के डर से पीड़िता चुप रही और किसी को कुछ नहीं बताया। लेकिन आरोपी अपनी आदतों से बाज नहीं आया जिससे परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी।