एक गांव में आठ वर्षीय ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मां की शिकायत पर बच्ची के फुफेरे भाई, बच्ची की दादी, दादा व चाचा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर फुफेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव निवासी एक महिला ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी आठ वर्षीय बेटी 10 अक्टूबर को घर के अंदर खेल रही थी, गांव में ही उनकी ननद ने भी अपना मकान बनाया हुआ है। पीड़ित महिला की ननद का लड़का अंकुर 10 अक्टूबर को उसकी सात वर्षीय बेटी को घर के अंदर कमरे में ले गया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़ित बच्ची की मां ने बताया कि वह उस दिन जब मामले की शिकायत करने के लिए जब पुलिस के पास आ रही थी तो उनके सास, ससुर व देवर ने उसे बंधक बना लिया।
उसे पिछले तीन दिनों से बंधक बनाया हुआ था। पीड़ित बच्ची की मां का आरोप है कि उसके सास, ससुर और देवर उस पर निरंतर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज न किए जाने का दबाव डाल रहे थे। लेकिन जैसे तैसे पीड़ित बच्ची की मां उनके चंगुल से निकली और सीधे अपने मायके पहुंच गई।
मायके से पीड़ित महिला के परिजन उन्हें लेकर सदर थाने पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस उसकी सास, ससुर और देवर से भी पूछताछ करने में लगी हुई हैं।
पुलिस ने पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच करवाई जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। पुलिस का कहना है कि यदि पूछताछ के दौरान महिला को बंधक बनाने की पुुष्टि हुई तो सास, ससुर और देवर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक पूछताछ जारी थी।