पलवल। 50 हजार के इनामी बदमाश अंकित पंडित की राजस्थान पुलिस द्वारा शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद जिले के ज्यादातर अपराधी भूमिगत हो गए हैं। उन्हें भी अपनी गिरफ्तारी का डर सताने लगा है। पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।
करीब 5 वर्ष पूर्व अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला अंकित पंडित जिले में छह लोगों की हत्या कर चुका है। उस पर एक व्यक्ति की हत्या के प्रयास और चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं। ज्यादातर हत्या गैंगवार के चलते की गईं। गैंगवार में ही अंकित के पिता ओमप्रकाश की भी हत्या कर दी गई थी। वर्ष 2019 में अंकित पर तीन हत्या करने का आरोप है और वह तभी से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। उसके साथ वारदात करने में दर्जनों बदमाश नामजद हैं, जिनमें कुछ को पुलिस जेल भेज चुकी है। अंकित की गिरफ्तारी के बाद उसे संरक्षण देने वाले लोगों की गिरफ्तारी होना भी तय मानी जा रही है। पिछले दो माह में पुलिस ने अंकित के अलावा गैंगस्टर कौशल, सचिन खेड़ी, परमा की गिरफ्तारी की है, जिससे अपराध जगत में खौफ दिखने लगा है। इससे पहले पुलिस मोस्टवांटेड अजय गुर्जर को भी जेल भेज चुकी है।
अंकित पंडित द्वारा जिले में की गई वारदात
-21 जुलाई 2014 : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर निवासी दीपक की हत्या के आरोप में अंकित समेत चार नामजद हैं।
-21 सितंबर 2015 : चांदहट थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले में भी अंकित का नाम शामिल है।
-02 सितंबर 2016 : हथीन थाना क्षेत्र अंतर्गत के गांव मंढनाका निवासी नेत्रपाल की हत्या में भी अंकित समेत 20 अन्य लोग नामजद थे।
-27 फरवरी 2019 : कैंप थाना क्षेत्र के बंसत विहार कॉलोनी निवासी धीरेंद्र को गोली मारकर घायल करने के मामले में अंकित समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
-12 मार्च 2019 : कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर निवासी भूप सिंह की हत्या के आरोप में अंकित समेत आठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
-25 मई 2019 : कैंप थाना क्षेत्र के गांव कुसलीपुर निवासी ओमपाल की हत्या के मामले में अंकित समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
-28 जुलाई 2019 : हथीन थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव जनाचौली निवासी अनिल की हत्या के आरोप अंकित समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिले के ज्यादातर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब अंकित पंडित को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उसके साथ वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-नरेंद्र बिजारनियां, जिला पुलिस अधीक्षक