हथीन। उपमण्डल के एक दर्जन गांवों के बीस हजार कृषि क्षेत्र में खड़े बरसाती पानी के निकासी का काम शुरू हो गया है। इससे एक दर्जन गांवों के हजारों किसानों को सीधा लाभ होगा। किसानों को इस बार रबी फसलों की बिजाई की उम्मीद बंध गई है। पानी निकासी का यह कार्य सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी के प्रयासों से शुरू किया है।
सिंचाई विभाग के पास पानी निकासी के लिए पाइप नहीं थे। विधायक ने व्यक्तिगत कोष से भी पाइप मंगवाकर पानी निकासी के उपाय शुरू कराए। अब महलुका, हुचपुरी कलां, हुचपुरी खुर्द, मठेपुर, छांयसा, बीघावली आदि गांवों से पानी निकासी का काम शुरू हुआ है। इसके लिए बन्द पड़े नाले की खुदाई कराई गई और पाइप डाले गए हैं। गांव छांयसा निवासी शाहिद ने पानी निकासी शुरू होने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि इस बार हजारों एकड़ क्षेत्र में रबी फसल की बिजाई हो सकेगी। सिंचाई विभाग के एसडीओ मोहम्मद रियाज ने बताया कि पानी को उजीना ड्रेन में डाला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि सम्बन्धित कृषि क्षेत्र में पानी निकासी न होने से पिछले 15 वर्षों से रबी एवं खरीफ फसलों की बिजाई नही हो पा रही थी। इससे कृषि प्रभावित हो रही थी।