पलवल। कैंप थाना क्षेत्र के इस्लामाबाद मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए गर्भपात की दवाइयां बेचने के आरोप में एक झोलाछाप को रंगे हाथ गिरफ्तार कराया। कार्रवाई के दौरान टीम ने उसके कब्जे से एक एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किट भी बरामद की है।
पीएनडीटी शाखा के डॉ. प्रवीण ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इस्लामाबाद मोहल्ले में एक व्यक्ति अवैध रूप से गर्भपात की दवाइयां बेचने और महिलाओं का गर्भपात कराने का काम कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के लिए विभाग ने एक महिला को नकली ग्राहक बनाकर आरोपी के पास भेजा। आरोपी ने गर्भपात की गोली के लिए 700 रुपये मांगे। महिला के इशारा करते ही पहले से तैनात टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान बांस मोहल्ला निवासी हरिओम के रूप में हुई है। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद