पलवल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ एवं शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के संयोजन में नौकरी बहाली की मांग को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन को 60 दिन हो गए। इसके बाद भी सरकार की ओर से कोई समाधान नहीं निकलने पर शारीरिक शिक्षक शुक्रवार को अपने परिवार सहित गिरफ्तारी देंगे।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के प्रधान वेदपाल, महासचिव गीतेश कुमार और राकेश शर्मा ने कहा कि ऐसे बहुत से उदाहरण हैं, जब केंद्र व राज्य सरकारों ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए अदालतों के आदेश के विरुद्ध अध्यादेश लाने का काम किया। शारीरिक शिक्षकों का मामला पूरी तरह से जनहित व नैतिकता से जुड़ा हुआ है। 10 साल की नियमित सेवा के बाद अचानक बर्खास्तगी ने शारीरिक शिक्षकों के परिवारों को हिला के रख दिया है। यदि शारीरिक शिक्षकों को बहाल नहीं किया गया तो संघर्ष बड़ा रूप लेगा। शुक्रवार को शारीरिक शिक्षक अपने परिवार के सदस्यों के साथ सामूहिक गिरफ्तारी देकर जेल भरो आंदोलन करेंगे। इसके समर्थन में सर्व कर्मचारी संघ सहित पूरे प्रदेश के शिक्षक व कर्मचारी, किसान, मजदूर और समाज के सभी वर्ग के लोग सामूहिक गिरफ्तारी देंगे। इस मौके पर हरीचंद वर्मा, राजकुमार, थानसिंह, जसवीर, जोगिंद, प्रताप, सतीश, प्रेमचंद, सुरेंद्र, रमेश, राजेश कुमार, रविंद्र, दयाचंद, रामपाल आदि मौजूद रहे।