संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। खंड नगीना के राजकीय विद्यालयों के मुखियाओं के लिए समग्र शिक्षा के तहत मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल मढ़ी में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें स्कूलों को मिलने वाली ग्रांट के उचित उपयोग, वित्तीय पारदर्शिता और ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जिला नूंह के डीपीसी कार्यालय से पहुंचे अकाउंटेंट मनीष और सहायक अकाउंटेंट समीर परीदा ने एसएनए स्पर्श प्रणाली के माध्यम से ग्रांट खर्च करने के नियमों और प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। वहीं, बीआरसी नगीना के अकाउंटेंट शिव चरण ने वित्तीय नियमों के अनुसार भुगतान करने और संबंधित फर्मों को समय पर राशि जारी करने के तरीके समझाए। अधिकारियों ने स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए कि ग्रांट का उपयोग निर्धारित समय सीमा में करें और सरकारी धन के खर्च में पारदर्शिता बरतें। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी बालकिशन ने की। इस दौरान बीआरसी नगीना के डॉ. अजय भारद्वाज, प्राचार्य मुबारिक सहित खंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक और शिक्षक मौजूद रहे।