ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाली महिला का फाइल फोटो।
- फोटो : Palwal
पलवल। रेलवे स्टेशन पर एक महिला द्वारा बृहस्पतिवार को अपनी तीन वर्षीय बच्ची के साथ एक्सप्रेस गाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाली महिला की पहचान रेखा पत्नी अनिल निवासी जैंदीपुरा मोहल्ला के रूप में हुई। बच्ची अभी भी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामले में मृतक महिला के ससुराल वालों पर दहेज हत्या व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। मृतक महिला के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पलवल -सोहना रोड को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस और जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। जिसके बाद परिजनों ने करीब 20 मिनट बाद जाम खोला।
बृहस्पतिवार सुबह पलवल के रेलवे स्टेशन पर एक महिला अपनी छह वर्षीय बच्ची के साथ ट्रेन के आगे कूद गई थी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई थी जबकि उसकी छह वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस ने पहचान के लिए आसपास के इलाके में सूचना भिजवाई। शुक्रवार को मृतक महिला की पहचान रेखा पत्नी अनिल निवासी जैंदीपुरा मोहल्ला के तौर पर की गई। रेखा के चाचा बंशी निवासी बल्लभगढ़ उंचा गांव ने बताया कि उन्होंने रेखा की शादी करीब सात साल पहले अनिल के साथ की थी। उसकी ससुराल वाले तभी से उसे दहेज के लिए तंग करते आ रहे थे। अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे और उसे तरह-तरह की यातनाएं देते थे। दो दिनों पहले भी उसके साथ उसके पति ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर रेखा के साथ मारपीट की थी। जब उसकी भतीजी उनके जुल्मों को सहन नहीं कर पाई तो उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में महिला के पति, उसके ससुर वेदराम, सास कृपा, जेठ गुरुदयाल, जेठानी राजवती के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।