ग्रेनो वेस्ट के इको विलेज -1 के निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क का विरोध ताली बजाकर किया। स्रोत वी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा । ग्रेनो वेस्ट सुपरटेक इको विलेज-1 में बढ़े हुए मेंटेनेंस शुल्क को लेकर निवासियों का विरोध जारी है। सोसाइटी में पिछले 10 दिनों से अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। निवासी संजय शर्मा ने बताया कि एक जून से मेंटेनेंस शुल्क में 0.89 रुपये प्रति वर्ग फुट की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि शुल्क बढ़ाने से पहले पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई और बढ़ी राशि की वसूली बिजली मीटर के जरिये भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुल्क बढ़ोतरी को लेकर एपेक्स समिति की ओर से 23 जून को वाईजी फैसिलिटी प्रबंधन को नोटिस भी जारी किया गया था। इसके बाद भी लोगों से बढ़ा हुआ मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है। निवासियों ने बढ़ा शुल्क वापस लेने, आय-व्यय का पारदर्शी ब्योरा देने और सुविधाओं में सुधार की मांग की है।