शिक्षा विभाग ने मांगी फिजिबिलिटी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। क्षेत्र के अकलीमपुर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय को जल्द ही सीनियर सेकेंडरी (12वीं) स्तर तक अपग्रेड किए जाने की उम्मीद बढ़ गई है। इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेकेंडरी शिक्षा महानिदेशालय, पंचकूला ने जिला शिक्षा अधिकारी, नूंह से विद्यालय की विस्तृत फिजिबिलिटी एवं नॉन-फिजिबिलिटी रिपोर्ट तलब की है। यदि रिपोर्ट सकारात्मक रहती है तो क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के स्कूलों में नहीं जाना पड़ेगा। महानिदेशालय द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, अकलीमपुर विद्यालय को 12वीं तक उच्चीकृत करने के लिए ई-मेल के माध्यम से प्राप्त आवेदन पर संज्ञान लिया गया है। इसके बाद जिला स्तर पर विद्यालय की भौतिक सुविधाओं, छात्र संख्या और क्षेत्रीय आवश्यकता का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित प्रोफॉर्मा में तैयार की गई रिपोर्ट 10 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे तक ई-मेल के माध्यम से हर हाल में भेजी जाए। फिजिबिलिटी रिपोर्ट में विद्यालय की छात्र संख्या, उपलब्ध संसाधन और आसपास के अन्य सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की स्थिति का विस्तृत विवरण शामिल किया जाएगा। वर्तमान में स्कूल में कक्षा 6 से 8 तक कुल 210 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय के पास लगभग दो एकड़ भूमि उपलब्ध है तथा परिसर में 14 कमरे बने हुए हैं। इसके अलावा पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की दूरी तथा वहां कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या का भी विश्लेषण किया जाएगा। समाजसेवी राजुद्दीन ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और अकलीमपुर स्कूल के उन्नयन की मांग लंबे समय से की जा रही है। वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी बाल कृष्ण ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी होने और रिपोर्ट के परीक्षण के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।