पलवल। शिकायतों व समस्याओं को लेकर पुलिस के पास आने वाले लोगों को जल्द न्याय दिलाने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत स्वयं शिकायतों को गंभीरता से ले रहे हैं। उनका तुरंत समाधान करा पीड़ितों को न्याय दिला रहे हैं।
बृहस्पतिवार को भी जिले के विभिन्न थानों में सुनवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक के पास अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे लोगों की पूरी बात सुन तुरंत कार्रवाई करने के पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए। इतना ही नहीं अपने कार्यालय के बाहर शिकायतकर्ताओं की भीड़ देखकर स्वयं ही उठकर कार्यालय से बाहर आए और शिकायतें सुनीं।
उन्होंने कहा कि थानों, चौकियों व उनके पास आने वाली शिकायतों पर 24 घंटे के अंदर समाधान किया जाएगा। इससे शिकायकर्ता को भटकना नहीं पड़ेगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पलवल में बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकता है। जिले में चोरी, लूट की वारदात पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा चुका है। इसके अलावा महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों व दबंगों द्वारा गरीबों के साथ किए जाने वाले अपराधों पर भी वे पूरी तरह से गंभीर हैं। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को आदेश दिए गए हैं कि शिकायतों का निपटारा थानों व चौकियों में होना चाहिए। लोगों को पूरा न्याय मिलना चाहिए।