पलवल।
शहर के रसूलपुर चौक स्थित एक ढाबे पर मारपीट के बाद कर्मचारी को स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी कब्जे में लेकर आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है।
शहर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मिशन कंपाउंड, सोहना रोड निवासी विपिन दयाल उर्फ राजा ने शिकायत दी थी कि 18-19 जून की रात वह रॉयल ढाबा बंद कर रहा था। इसी दौरान भमरौला जोगी निवासी पालेंदर उर्फ पाले और उसका साथी गौरव स्कॉर्पियो से पहुंचे। दोनों ने ढाबा बंद होने के बावजूद खाना मांगा। मना करने पर आरोपियों ने ढाबा संचालक और कर्मचारी रंजीत निवासी बिहार के साथ मारपीट की। आरोप है कि पालेंदर ने घायल रंजीत के ऊपर स्कॉर्पियो दो बार आगे-पीछे चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान 19 जून को रंजीत की मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी पालेंदर को गिरफ्तार कर लिया। अदालत से पुलिस रिमांड मिलने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है।