निर्माणाधीन आधुनिक मीट मार्केट का नगर परिषद के चेयरमैन ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर में अलग-अलग स्थानों पर खुले में होने वाली मीट बिक्री से जुड़ी गंदगी की समस्या को खत्म करने की तैयारी नगर परिषद ने शुरू कर दी है। इसके लिए निर्माणाधीन आधुनिक मीट मार्केट को जल्द व्यवस्थित रूप देने पर जोर दिया जा रहा है। नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल ने पार्षद अनिल गोसाईं और पार्षद हरजीत सिंह बॉबी के साथ मार्केट का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
शहर में खुले स्थानों पर मांस की बिक्री के दौरान सफाई, दुर्गंध और कचरा निस्तारण को लेकर परेशानी रहती है। मांस की बिक्री के बाद निकलने वाले अवशेषों के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने पर आसपास के क्षेत्र में गंदगी की स्थिति बनती है। इससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। नगर परिषद का कहना है कि आधुनिक मीट मार्केट तैयार होने के बाद ऐसी गतिविधियों को निर्धारित स्थान पर लाया जाएगा।
निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर
चेयरमैन ने कहा कि मार्केट का निर्माण पूरा होने के बाद शहर में खुले में मीट बिक्री पर प्रभावी रूप से रोक लगाई जाएगी। मांस विक्रेताओं को निर्धारित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे कारोबार के साथ स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर तरीके से बनाए रखी जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से सुविधाओं तथा आगामी संचालन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और काम को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही मार्केट शुरू होने से पहले सफाई, कचरा निस्तारण और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। डॉ. यशपाल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था सुधारने पर नगर परिषद लगातार काम कर रही है। आधुनिक मीट मार्केट इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।