शहर में बनेंगे दो शॉपिंग कॉम्पलेक्स, विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
सोमदेव आर्य।
हथीन। नगर पालिका ने शहर को विकास की नई राह पर ले जाने के लिए कमर कस ली है। करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए बहुआयामी विकास कार्यों की फिजिबिलिटी रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। नगर पालिका को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के माध्यम से इस रिपोर्ट को जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी, जिससे शहर में विकास कार्यों की गति तेज होगी।
नगर पालिका चेयरपर्सन रेणु लता ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य सिर्फ बुनियादी ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि सौंदर्यीकरण और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देना है। इसके तहत शहर में दो स्थानों पर अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है। ये कॉम्प्लेक्स न केवल नगर की आमदनी बढ़ाएंगे बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी लेकर आएंगे। बस अड्डा क्षेत्र और वार्ड नंबर-14 को इसके लिए चुना गया है।
वहीं, पूर्व चेयरमैन सुमित राजपूत ने बताया कि नगर पालिका ने 18 सूत्रीय विकास कार्यक्रम तैयार किया है। इसमें धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और आधारभूत संरचना से जुड़े प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इनमें कुछ प्रमुख योजनाएं इस प्रकार हैं :
अग्रवाल सभा भवन और पार्क : 1.50 करोड़
राधाकृष्ण भवन और पार्क : 1.50 करोड़
अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क : 2 करोड़
वार्ड नंबर 14 में दो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स : 12 करोड़
बुर्ज मोड़ से मुख्य बाजार तक रोड निर्माण : 1.50 करोड़
मेडी मंदिर तालाब सौंदर्यकरण और स्वागत द्वार : 1.70 करोड़
परशुराम भवन निर्माण : 2 करोड़
आर्य समाज भवन निर्माण : 1 करोड़
डिजिटल लाइब्रेरी निर्माण : 1 करोड़
महाराणा प्रताप और महात्मा गांधी द्वार : 1.40 करोड़
महाराजा अग्रसेन द्वार और दादा कान्हा द्वार : 50-50 लाख
शहर की सड़कों की मरम्मत : 10 करोड़
बाईपास रोड पर स्ट्रीट लाइट्स : 2 करोड़
तालाबों का सौंदर्यीकरण : 10 करोड़
विकास के साथ रोजगार भी मिलेगा
इन विकास कार्यों से इलाके में नए भवन व सड़कें बनेंगी। इसके साथ ही लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। इससे आने वाले समय में रोजगार के लिए लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। लोगों का मानना है कि योजनाओं के शुरू होते ही इसका प्रभाव जमीनी स्तर पर देखने को मिलेगा। अभी तक इतनी बड़ी योजना इलाके में पहले कभी शुरू नहीं हुई है।
ये सभी भवन आधुनिक तकनीक से बनेंगे और भूकंपरोधी होंगे, जिससे नागरिक सुरक्षित वातावरण में व्यवसाय कर सकें। इससे क्षेत्र में काफी विकास होगा। - रेणु लता, नगर पालिका चेयरपर्सन