रंगाला पावर ग्रिड सब स्टेशन में सीटी मीटर जलने से हथीन सब स्टेशन करीब 11 घंटे तक बंद रहा। जिसके चलते क्षेत्र के लगभग 85 गांवों में बिजली गुल रही। सप्लाई बद होने से लोगों को भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ा।
हथीन 66 केवीए सब स्टेशन की सप्लाई मेवात के रंगाला ग्रिड पावर सब स्टेशन से जोड़ी गई है। शनिवार को सुबह रंगाला पावर हाउस की सीटी मीटर व केबल जल गई। जिस कारण हथीन 66 केवीए पावर हाउस को आने वाली सप्लाई बंद हो गई।
सप्लाई बंद होने से हथीन का पूरा सबस्टेशन बंद हो गया। इससे 85 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली नहीं मिलने से लोगों को भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ा। शहर के लोगों का आरोप था कि जब से हथीन की सप्लाई मेवात से जोड़ी गई है तब से लेकर अब तक कई बार बड़ी समस्या उत्पन्न हो चुकी है। लेकिन अधिकारी मांग के बावजूद भी नहीं ध्यान दे रहे।
लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का रवैया बिल्कुल भी ठीक नही है। उधर, हथीन के विद्युत प्रसारण निगम के उपमंडल अधिकारी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि रंगाला सब स्टेशन में तकनीकी गड़बड़ के कारण सप्लाई बंद रही। जिसे अब दुरुस्त कराया गया है।