मतदान के दिन शिकायतों की सुनवाई के लिए अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बिजली, पीने के पानी व लाइन लंबी होने पर बुजुर्ग, दिव्यांग व महिला मतदाताओं के बैठने सहित सभी जरूरी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। अभी दो दिन का समय मतदान के लिए शेष है, इसलिए मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए जागरूक किया जाए। विधानसभा आम चुनाव 2024 के दौरान मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग निगरानी के लिए राज्य नियंत्रण कक्ष, जिला नियंत्रण कक्ष व विधानसभा के नियंत्रण कक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा भी वेबकास्टिंग के जरिए निगरानी की जाएगी। मतदान केंद्र पर मतदान के दिन पोलिंग एजेंट पोलिंग स्टेशन में केवल वही कार्यकलाप करेंगे जिनके पास अनुमति है। इसके अलावा, यदि वो कुछ भी गलत करते पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में विस्तृत हिदायतें जारी की जा चुकी हैं। मतदान के दिन उम्मीदवारों व राजनीतिक दलों द्वारा दी गई शिकायतों की सुनवाई के लिए अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
डीसी ने कहा कि जिले में पांच अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, इसके मद्देनजर अवैध शराब, नशीले पदार्थ, नकदी और अवैध हथियार आदि को रोकने के लिए नाकों पर और अधिक चौकसी बरती जाएगी। इसके अलावा, जिलों में गठित निगरानी टीमों को और अधिक सक्रिय किया गया है। मतदान से पहले मतदान केंद्रों तक और मतदान के बाद मतदान केंद्रों से ईवीएम को पुख्ता सुरक्षा प्रबंधों के साथ स्ट्रांग रूम में रखवाने के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ईवीएम ले जाने वाले वाहन को रास्ते में अन्य किसी भी स्थान पर न रोका जाए। सुरक्षा के मद्देनजर ईवीएम को लाने व ले जाने वाले वाहनों पर जीपीएस लगा होना चाहिए। मतदान केंद्र में चुनाव ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारियों के पति मतदान केंद्र के अंदर नहीं बैठ सकते हैं। इसी तरह से महिला मतदाता द्वारा जब मतदान किया जाए तो मतदान के लिए उनके पति को मतदान कंपार्टमेंट में जाने की अनुमति नहीं होगी और ऐसा करना गैरकानूनी होगा। ऐसा करने पर कानूनी कार्यवाही भी की जाएगी।