पलवल। पुराना जीटी रोड़ पर संजय कॉलोनी में रविवार को ईदगाह की दीवार में गेट बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से पत्थर फेंके गए। इसमें भवन कुंड पुलिस चौकी इंचार्ज सहित 10 से ज्यादा लोगों के चोटिल हो गए। मामले में दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है। घटना के बाद मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
शहर थाना पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर अनूप सिंह के अनुसार कुछ समय पहले बरसात में ईदगाह कब्रिस्तान की दीवार गिर गई थी। चिनाई के दौरान गेट बना दिया गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने आकर चिनाई का काम रुकवाने का प्रयास किया। आरोप है कि दीवार में जहां गेट बनाया जा रहा है, उसके सामने मंदिर है। मंदिर के सामने कब्रिस्तान का गेट बनाया जाना ठीक नहीं है। वहीं चिनाई का काम करवा रहे लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ। चोटिल लोगों में भवन कुंड पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई संजय कुमार भी शामिल हैं।
विश्व हिंदू परिषद के नेता भगवत स्वरूप सिंगला ने बताया कि चिनाई करा रहे लोगों से शनिवार को कहा गया था कि मंदिर के सामने कब्रिस्तान का गेट नहीं बनाए। गेट के सामने ही सड़क पर जैन समाज का प्रतीक चिन्ह स्तंभ भी खड़ा है। उन्होंने इस बात को नहीं माना और विरोध शुरू हो गया।
हाजी युनुस ने बताया कि वक्फ बोर्ड की तरफ से शिकायत दी गई है। यह जमीन वक्फ बोर्ड की है और पहले से ही कब्रिस्तान है। पथराव में घायल हुए लोगों में इमरान, तैय्यब, जावेद, शाहरुख, शहीद, अमजद, साजिद सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से हाउसिंग बोर्ड कालोनी, संजय कालोनी व भाटिया कालोनी में फ्लैग मार्च निकाला गया है। भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है।