बावला चौक पर लोगों और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक, वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नगर में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। आरोप है कि तावडू सदर थाना की सरकारी गाड़ी के चालक ने कथित रूप से शराब के नशे में एक वृद्ध महिला को टक्कर मार दी। घटना के बाद नगर के व्यस्त बावला चौक पर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच चुकी है, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम पर संज्ञान लेते हुए जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लोगों ने बताया कि बुधवार दोपहर बाद तावडू सदर थाना की सरकारी गाड़ी नगर के बावला चौक पर पहुंची थी। इसी दौरान हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि उस समय सदर थाना प्रभारी शीशराम भी वाहन में मौजूद थे। हादसे के बाद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
अब तक दर्ज नहीं कराई गई शिकायत
जिस वृद्ध महिला को टक्कर लगने का दावा किया जा रहा है, वह अभी तक सामने नहीं आई हैं। किसी प्रकार की लिखित शिकायत भी दर्ज नहीं कराई गई है। मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि चालक के नशे में होने के आरोप निराधार है।
पुलिस विभाग के अंदर भी यह चर्चा है कि सरकारी वाहन चालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे लाइन हाजिर किया जा सकता है। यह भी जांच की जा रही है कि यदि चालक शराब के नशे में था तो उसे सरकारी वाहन चलाने की अनुमति कैसे दी गई।