पलवल।
ओमैक्स सिटी फेज-दो में फायरिंग की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ तीन युवकों ने दुर्व्यवहार और मारपीट की। आरोपियों ने अपनी कार को पीछे करते हुए पुलिस की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने तीन युवकों करण, कुलदीप और रितिक को गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज की है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, शुक्रवार की रात ओमैक्स सिटी निवासी लक्ष्मी नामक महिला ने सूचना दी कि उसके मकान के सामने फायरिंग हुई है। सूचना पर ईआरवी राइडर सिपाही रविंद्र और एसपीओ भरत मौके पर पहुंचे। महिला ने करण और उसके दो साथियों पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। इसी दौरान आरोपी स्विफ्ट कार से वहां पहुंचे। पुलिस को देखकर उन्होंने भागने का प्रयास किया।
पुलिसकर्मियों ने कार रुकवाने की कोशिश की तो आरोपियों ने दुर्व्यवहार किया और कार पीछे करके बाइक में टक्कर मार दी। घायल रविंद्र और भरत को अस्पताल में भर्ती कराया गया।