बरसात के दिनों में लटकते तार से करंट फैलने का भी बना रहता है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर की कई गलियों में बिजली, इंटरनेट और केबल के तारों का जाल लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़कों और गलियों के ऊपर अव्यवस्थित तरीके से लटके तार न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि हादसों की आशंका भी बढ़ा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे बड़े वाहनों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में इन तारों से करंट फैलने का खतरा भी बना रहता है।
शहर में कई जगहों पर पोल भी झुके हैं। इस वजह भी उनके आसपास के तार जमीन को छूते रहते हैं। इन सब वजहों से कई बार दुर्घटनाएं भी हुईं है, लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे। अधिकारियों की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे को अंजाम दे सकती है।
नागरिकों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि शहर में तारों को व्यवस्थित किया जाए और जहां संभव हो वहां केबलों को भूमिगत किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं अधिकारियों का कहना है कि समस्या वाले स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्या कहते है लोग
शहर में कई स्थानों पर तार काफी नीचे लटके हुए हैं, जिससे करंट लगने और हादसे का खतरा बना रहता है। विभाग से अनुरोध है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान करें, ताकि लोग चैन की जिंगदी जी सके। -महेश शर्मा, निवासी
गलियों में नीचे लटके तार लोगों के लिए परेशानी और खतरे का कारण बने हुए हैं। किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए संबंधित विभाग को जल्द इन तारों को व्यवस्थित करना चाहिए। यह अधिकारियों की जिम्मेवारी है। -विजय सिंह, निवासी
वर्जन
विभाग के संज्ञान में शहर में लटकते बिजली तारों की कोई गंभीर समस्या नहीं आई है। यदि कहीं से शिकायत प्राप्त होती है तो टीम को तत्काल भेजकर समस्या का समाधान कराया जाता है। -
रंजन राव, अधीक्षण अभियंता, डीएचबीवीएन