पलवल मं सोमवार को पड़ी गर्मी से बेहाल युवतियां
- फोटो : Palwal
पलवल। जिले में सोमवार का दिन बेहद गर्माहट वाला रहा। सुबह सूरज निकलने के साथ ही गर्मी बढ़ने लगी तथा लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सुबह 10 बजे तक ही तापमान 42 डिग्री पहुंच गया और दोपहर 12 बजे 44 डिग्री तापमान नोट किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री नोट किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर के समय 14 किलोमीटर घंटा की रफ्तार से गर्म हवा चलने पर लोगों का सड़कों पर चलना काफी मुश्किल हो गया।
एक ओर सूरज की तपिश से ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ के नीचे बैठना मुश्किल हो रहा था तो वहीं दूसरी ओर बिन पंखा और कूलर के घरों में बैठना। सोमवार को पूरे दिन बार-बार बिजली कटने के कारण लोगों का दिन काटना मुश्किल हो गया। वहीं धूप से बचने के लिए सड़कों पर महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी अपने आप को स्वापी, कपड़ों से ढककर चलते नजर आए। लोगों का कहना है कि पलवल में बिजली दिन में पांच से छह बार कट रही है। रात के समय भी दिन ढलते ही बिजली गुल हो जाती है। इसके बाद चार से पांच घंटे गुल रहती है। बिजली के सबसे अधिक कट ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जा रहे हैं। लोग जब भी अधिकारियों के पास बिजली की समस्या को लेकर जाते हैं उन्हें उस तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है। शहर के क्षेत्रों में शिव कॉलोनी, हुडा सेक्टर, ओमेक्स सिटी, पुराना शहर, कृष्णा कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनी में दिन में करीब पांच बार बिजली कटी। एक बार बिजली कटने के बाद चार या पांच घंटे में आती है। इसके अलावा आईटीआई फीडर में दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही।
उधर मुस्लिम वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी यूनुस अहमद ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बिजली को सुचारु रखा जाए। आजकल मुस्लिम समाज के रोजा चल रहे हैं, ऐसे में उन्हें बिजली की बेहद आवश्यकता है।