नगर परिषद पलवल के अंतर्गत बुढ़ापा, विधवा, विकलांग, लाडली और एफएडीसी पेंशन वितरण कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। नगर परिषद के सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि पेंशन वितरण कार्यक्रम छह से 11 नवंबर तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि छह नवंबर को वार्ड-एक से सात तक की पेंशन वितरित की जाएगी। सात नवंबर को वार्ड-सात से 13 तक और वार्ड-21 की पेंशन पूर्व निर्धारित स्थानों पर बांटी जाएगी।
आठ नवंबर को वार्ड-14 से 20 तक और वार्ड 23 की पेंशन वितरित होगी। नौ नवंबर को वार्ड 21 की शेष पेंशन के अलावा वार्ड 22, 24, 25, 26 व 29 की पेंशन बंटेगी। 11 नवंबर को शेष बचे वार्डों 27, 28, 30 व 31 की पेंशन बांटी जाएगी।
नगर परिषद के सचिव मुकेश कुमार ने बताया कि यदि कोई पेंशन का पात्र व्यक्ति उपरोक्त तिथियों में किसी कारणवश अपनी पेंशन प्राप्त करने से वंचित रह जाता है, तो भी उसे अलग से पेंशन प्राप्त करने का एक अतिरिक्त अवसर दिया गया है।
ऐसे पात्र व्यक्ति 12 व 13 नवंबर के दिन दमकल केंद्र में सुबह 10 से सांय 4 बजे की समयावधि में अपनी पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पेंशन वितरण कार्यक्रम की सूचना जिला समाज कल्याण अधिकारी, चेयरमैन नगर परिषद तथा संबंधित कर्मचारियों के पास भेजी जा चुकी है।