पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में रविवार को पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड के समीप मुख्य लाइन में सुबह करीब आठ बजे फाल्ट आ गया था, इस कारण बिजली नहीं आई। एक तो सुबह से ही तेज धूप के कारण मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में परेशानी हुई दूसरा अस्पताल में जाकर देखा तो वहां बिजली नहीं थी। ऐसे में मरीजों को बिना उपचार कराए ही लौटना पड़ा। इसके अलावा इंवर्टर के बीत जाने पर जच्चा-बच्चा को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली जाने के बाद जनरेटर भी काम नहीं आ सके, क्योंकि अस्पताल व जनरेटर के बीच की लाइन में फॉल्ट आया था। ऐसे में अस्पताल में लगे इंटवर्टर भी करीब एक घंटे में ही जवाब दे गए। बिजली न होने के कारण भीषण गर्मी में मरीज गर्मी में तिलमिलाते नजर आए। जिसके हाथ में कागज, पॉलिथीन, हाथ का पंखा, साफी जो भी था, उसी से हवा कर अपने आप को गर्मी से बचाने का प्रयास करते रहे। सबसे ज्यादा परेशानी आपातकालीन व प्रसूति कक्ष में आई, क्योंकि बिना लाइट के वहां मरीजों का इलाज करना असंभव था। बिजली न आने के कारण अस्पताल के कर्मचारी भी बाहर बैठकर अपनी जान बचाते रहे। कंप्यूटर बंद होने के कारण मरीजों की हाथ से पर्ची बनाई जा रही थी। प्रथम तल पर वार्ड में भर्ती मरीजों को कांच से आती चिलचिलाती धूप ने खूब सताया। गनीमत यह रही कि रविवार की छुट्टी होने के कारण ओपीडी में आने वाले हजारों मरीज परेशानी से बच गए। अन्यथा उन्हें भी बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ता।
-----
सुबह करीब नौ बजे से अस्पताल में बिजली नहीं है, जिसके बाद से ही पंखे व कूलर बंद पड़े हुए हैं। भीषण गर्मी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, बावजूद इसके किसी भी उच्च अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली है।
- बॉबी, रहीमपुर
-------
मेरी नवजात बेटी अस्पताल में भर्ती है। पिछले कई घंटों से अस्पताल में बिजली नहीं है।इसके अलावा यहां जनरेटर और इंवर्टर की सुविधा भी नहीं है। गर्मी में लोगों का बुरा हाल हो रहा है, परंतु बिजली कब तक ठीक होगी, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
- उदयपाल, कौंडल
--------
अस्पताल की मुख्य लाइन में फॉल्ट आया है। इस कारण अस्पताल में पांच घटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही है। सुबह नौ बजे से ही बिजली कर्मचारी काम पर लग गए। बिजली आपूर्ति को पांच घंटे में सुचारू किया जा सका।
- अजय माम, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी
बिजली न आने पर बच्चे के साथ जिला नागरिक अस्पताल में जमीन पर सोते हुए मरीज के तीमारदार।- फोटो : Palwal
जिला नागरिक अस्पताल में बिजली न होने से परेशान महिला अपने नवजात बचचे की गर्मी से बचाने के लिए हवा ?- फोटो : Palwal