- खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने किया शुभारंभ, हर मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को जिला सचिवालय में वैन से बनेंगे पासपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहरवासियों को पासपोर्ट बनवाने के लिए दिल्ली या फरीदाबाद के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पासपोर्ट सुविधा अब खुद लोगों के करीब पहुंचेगी। मंगलवार को हरियाणा सरकार के खेल, युवा अधिकारिता एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने जिला सचिवालय परिसर से पासपोर्ट मोबाइल वैन सेवा की शुरुआत की। यह सेवा आगामी तीन सप्ताह तक प्रत्येक मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को पलवल के लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा शुरू की गई यह सुविधा आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से है। अब न तो लंबी लाइनों की जरूरत है और न ही पासपोर्ट सेवा केंद्रों के चक्कर लगाने की। पासपोर्ट बनवाने के लिए जरूरी सभी दस्तावेजों की जांच और बायोमेट्रिक प्रोसेस इसी मोबाइल वैन में हो जाएगा।
तीन सप्ताह, तीन दिन, एक ही जगह
यह मोबाइल वैन सेवा 5, 6, 7 अगस्त, 12, 13, 14 अगस्त और 19, 20, 21 अगस्त को जिला सचिवालय परिसर पलवल में उपलब्ध रहेगी। यह सेवा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय दिल्ली द्वारा संचालित की जा रही है। इसमें आधुनिक बायोमेट्रिक मशीनें, दस्तावेज स्कैनिंग उपकरण और कैमरे लगे हैं, जिससे पासपोर्ट बनाने की पूरी प्रक्रिया मोबाइल वैन में ही पूरी हो सकेगी।
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ज़रूरी
पासपोर्ट मोबाइल सेवा का लाभ लेने के लिए आवेदकों को पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा। इसके बाद वे तय समय पर वैन में जाकर प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। वैन दस्तावेजों का सत्यापन, बायोमेट्रिक और फोटोग्राफी जैसे सारे चरण एक ही जगह पर निपटा देगी। सेवा के शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, एसडीएम ज्योति, सीटीएम अप्रतिम सिंह, जिला परिषद के सीईओ जितेंद्र कुमार, डिप्टी पासपोर्ट अधिकारी मुकेश वर्मा और वरिष्ठ अधीक्षक राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।