फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आंशिक असर, कई विभाग रहे अलग

विज्ञापन
विज्ञापन
हथीन, पलवल और होडल में कर्मचारी सड़कों पर उतरे
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल, होडल,हथीन। केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों और चार लेबर कोड को रद्द करने की मांग को लेकर बुधवार को पलवल, हथीन और होडल में हजारों कर्मचारियों, मजदूरों और स्कीम वर्करों ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग लिया। सर्व कर्मचारी संघ व केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण रोकने तथा आउटसोर्स कर्मियों को नियमित करने की मांग उठाई। वहीं इस हड़ताल से कई विभागों ने दूरी बनाई और सेवाएं जारी रखीं।

देवीलाल पार्क पलवल में सभा हुई जिसमें जिलाध्यक्ष उर्मिला रावत शामिल हुईं। उनकी अध्यक्षता में जुलूस निकाला गया, जो आगरा चौक, मीनार गेट बाजार होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचा। संचालन भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीआईटीयू) नेता रमेशचंद और योगेश शर्मा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लेबर कोड लागू होने से मालिकों को मनमानी का अधिकार मिल जाएगा, जिससे मजदूरों की छंटनी आसान हो जाएगी।
विज्ञापन


20 विभागों के कर्मचारी हुए शामिल
हथीन में बिजली निगम कार्यालय से लेकर लघु सचिवालय तक करीब 20 विभागों के कर्मचारियों ने जुलूस निकाला। प्रदर्शन में जन स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर पालिका, आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, सिंचाई और पंचायत विभाग सहित कई कर्मचारी संगठन शामिल हुए। सभा की अध्यक्षता प्रेम सहरावत व मोहम्मद जकरिया ने की। वक्ताओं में पवन पांचाल, राशिद खान, मुकेश सहरावत, कृष्ण कुमार आदि ने मांगों को दोहराया। होडल में सती सरोवर से बाबू जगजीवन चौक तक रैली निकाली गई। वहां देवेंद्र नंबरदार की अध्यक्षता में सभा हुई। बिजली यूनियन नेता नरेंद्र सौरोत ने कहा कि सरकार संविदा कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है।

बस संचालन पूरे दिन सामान्य रहा
हथीन में हड़ताल का आंशिक असर दिखा। आवश्यक सेवाएं यथावत बनी रहीं। परिवहन, स्वास्थ्य, पेयजल व बिजली आपूर्ति सामान्य रही। पलवल बस डिपो में भी बसें नियमित रूप से चलीं। बस डिपो जीएम नवनीत कुमार ने बताया कि चक्का जाम का कोई असर नहीं पड़ा और बस संचालन पूरे दिन सामान्य रहा।
विज्ञापन


जन स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग की सेवाएं भी प्रभावित नहीं हुईं। आशा और आंगनबाड़ी वर्कर प्रदर्शन में सक्रिय रहीं। सर्व कर्मचारी संघ के ब्लॉक प्रधान प्रेम सहरावत ने दावा किया कि कर्मचारियों ने आवश्यक सेवाओं को चालू रखते हुए हड़ताल में भागीदारी की। प्रदर्शन में भगवान सिंह, लखमीचंद, ममता, कुसुम, दरयाव सिंह, रमनलाल, बच्चू सिंह आदि कर्मचारी शामिल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें