पलवल। जल्हाका गांव के सैलून संचालक युवक की गांव के ही चार लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। युवक घायल स्थिति में पूरी रात केजीपी स्थित नाले के पास पड़ा तड़पता रहा। उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इनमें तीन नामजद तथा एक युवक अज्ञात है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी अशोक कुमार के अनुसार पलवल के गांव जल्हाका निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 21 वर्षीय भाई रिंकू नाई का काम करता है और गांव में ही उसने सैलून खोल रखा है। दुकान से काम निपटाने के बाद वह रविवार शाम घर पर आ गया। रात के करीब 10 बजे गांव निवासी लोकेश, योगेश और गांव अमरपुर निवासी रमन व एक अन्य युवक घर पर आए, जो कि रिंकू के दोस्त हैं। लोकेश व योगेश ने रिंकू से कहा कि उन्हें सुबह इंटरव्यू देने के लिए जाना है इसलिए उन्हें अपने बाल कटवाने हैं। इसके बाद योगेश उक्त युवकों के साथ दुकान पर जाने की बात कहकर घर से चला गया। जब वह देर रात तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने गांव में उसकी काफी तलाश की। लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें गांव के ही एक युवक ने फोन पर सूचना दी कि गांव के पास केजीपी हाईवे पर बने नाले के पास सुनसान जगह पर रिंकू घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जयप्रकाश अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचे तो रिंकू ने उन्हें बताया कि लोकेश, योगेश, रमन व एक अन्य ने उसके साथ मारपीट की और मारपीट के बाद उसे वहीं छोड़कर चले गए। आननफानन में घायल रिंकू को उपचार के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दूसरेे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रिंकू को पलवल के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।