संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। बिछोर गांव से करीब 39 दिन से लापता युवक मौसम का सुराग नहीं लगने पर ग्रामीणों ने पंचायत कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पंचायत में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान मौसम के साथ आखिरी बार मिलने वाले अबरार को भी बुलाकर जानकारी ली गई। मौसम की पत्नी मुन्नी के अनुसार, 25 अगस्त को मौसम अबरार और सिंगार निवासी शाहिद के साथ मोटरसाइकिल से कोसी कलां थाना क्षेत्र गया था। लौटते समय बिछोर सीमा में मोटरसाइकिल को कार की टक्कर लगने की बात अबरार ने बताई। इसके बाद अबरार और शाहिद वहां से चले गए, जबकि मौसम मौके पर रह गया। तब से उसका कोई सुराग नहीं है। पंचायत के बाद सैकड़ों ग्रामीण बिछोर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी सुखबीर सिंह से मुलाकात कर मौसम की तलाश और मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस मौसम की तलाश कर रही है। थाने में मौसम पर मामला दर्ज है।