पलवल। प्रदेश सरकार में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार ने पृथला गांव के लिए 27 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। मंत्री गांव के सरपंच सतेंद्र कटारिया के निवास पर पहुंचे थे। इस अवसर पर उन्होंने गांव की सबसे बड़ी चौपाल की मरम्मत के लिए 11 लाख रुपये और दूसरी एससी चौपाल के लिए भी 11 लाख रुपये राशि देने की घोषणा की। साथ ही गोशाला के विकास के लिए 5 लाख रुपये देने का ऐलान भी किया।
इस मौके पर सरपंच सतेंद्र कटारिया, उनके पिता मांगेराम कटारिया और ग्रामीणों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। कृष्ण लाल पवार ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में समान विकास को लेकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पंचायतों को मजबूत करने और गांवों के विकास में कोई कमी न रहने देने के लिए विशेष कदम उठाए हैं। मंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे भी गांव की समृद्धि और विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर सीईओ जितेन्द्र कुमार, बीडीपीओ उपमा अरोड़ा और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने मंत्री द्वारा किए गए विकास कार्यों के लिए खुशी और संतोष व्यक्त किया। संवाद