संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिला पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति एवं झंडा दिवस मनाया गया। इस दौरान देश की रक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने पिछले एक वर्ष में देशभर में शहीद हुए 154 जवानों के नाम पढ़कर सुनाए। इस दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया।
एसपी ने कहा कि शहीद जवानों की शहादत और वीरता को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर हर चुनौती का दृढ़ता से सामना करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे की वर्दी पर पुलिस ध्वज लगाकर झंडा दिवस भी मनाया।
जिले के दो जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए दी जान
एसपी ने बताया कि जिले के गांव गुदराना निवासी ईएचसी बाबूराम और गांव उटावड़ निवासी सिपाही उमर मोहम्मद ने कर्तव्य निभाते हुए प्राणों की आहुति दी थी। बाबूराम नौ दिसंबर 2009 को गुरुग्राम में बोलेरो गाड़ी रोकने का प्रयास करते समय वाहन की टक्कर से शहीद हो गए थे। वहीं, उमर मोहम्मद आठ फरवरी 2008 को राजस्थान के भरतपुर में अपराधियों की धरपकड़ के दौरान गोली लगने से शहीद हुए थे। दोनों को उनके साहस और बलिदान के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
कार्यक्रम में डीएसपी सुरेश भड़ाना, नरेंद्र खटाना, भारतेन्द्र सहित थाना-चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। शहीदों के परिजनों ने अपने प्रियजनों के बलिदान पर गर्व जताया।