-मिट्टी के दीये, हस्तशिल्प, कपड़े और जैविक उत्पादों से दमक उठा पलवल का स्वदेशी मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। दिवाली पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आत्मनिर्भर-विकसित भारत थीम पर आधारित स्वदेशी मेले का शुभारंभ खेल राज्य मंत्री रतन देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा जब हम ‘वोकल फॉर लोकल’ को जीवन में अपनाएंगे। स्वदेशी से देश की समृद्धि बढ़ेगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा।
रतन देवी ने कहा कि भारत को फिर से ‘सोने की चिड़िया’ बनाना है तो स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने मेले में लगी हस्तनिर्मित वस्तुओं, कलाकृतियों और पारंपरिक उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ये न केवल भारत की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं बल्कि स्थानीय व्यापार को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मेड इन इंडिया उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दें।
मेले में स्वदेशी उत्पादों के 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां मिट्टी के दीए, हस्तशिल्प, कपड़े, जैविक खाद्य पदार्थ और लोक कला की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में जिला व्यापार मंडल के प्रधान संदीप गोयल, स्वदेशी जागरण मंच के संयोजक आर. सुंदरम और अनेक लोग उपस्थित रहे।