मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नेशनल हाईवे-19 पर गदपुरी थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। गदपुरी थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी निवासी सुरेंद्रपाल सिंह ने दी शिकायत में कहा है कि उसका भाई धर्मवीर सिंह 15 अक्तूबर को अलीगढ़ जिले के अपने पैतृक गांव रामनगर गया था। लौटते समय जब वह बाइक पर सवार होकर फरीदाबाद की ओर आ रहा था, तभी गदपुरी गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल धर्मवीर को बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने सुरेंद्रपाल की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि वाहन और चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही वाहन जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।