नागरिकों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वाइस चेयरमैन एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। बैठक में रखे गए 13 परिवादों में से 10 का निपटारा करवा दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की हर एक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। श्
बैठक में गुरुग्राम निवासी मुकुल वत्स, आली ब्राह्मण निवासी महर्षि दुर्वासा, दीघोट निवासी प्रताप फौजी, फरीदाबाद निवासी प्रमोद कुमार, न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी सविता, होडल निवासी सुखदेव, सिहोल निवासी चन्दो, पलवल निवासी प्रभु दयाल, ढकलपुर निवासी अजीत सिंह, सल्लागढ़ निवासी लक्ष्मी और अतरचट्टा निवासी संतादेवी सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं।
उपायुक्त ने एक निजी विद्यालय द्वारा शिक्षकों का लंबे समय से वेतन न देने संबंधी शिकायत पर सख्त संज्ञान लिया। उन्होंने इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिया है। इसके अलावा महर्षि दुर्वासा द्वारा गांव के रास्ते ऊंचा करने, नाली निर्माण और स्वच्छता के संबंध में अधिकारियों को धार्मिक यात्रा से पहले कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला और उपमंडल स्तर पर हर सोमवार और गुरुवार सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में आमजन अपनी समस्याओं को लेकर उपस्थित हो सकते हैं और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाता है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला, अतिरिक्त उपायुक्त जयदीप, एडिशनल एसपी ममता खरब, एसडीएम बलीना, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, एमडी शुगर मिल द्विजा, नगराधीश अप्रतिम सिंह, जिला राजस्व अधिकारी बलराज दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।