संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। यमुना में जलस्तर निरंतर कम हो रहा है। लोग अपने घरों का रुख करने लगे हैं। बाढ़ के बाद होने वाली बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बीमारियों से बचाव के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। बाढ़ प्रभावित सभी 28 गांवों के लिए चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी गई। एंबुलेंस की तैनाती की गई, ताकि आपातकाल स्थिति में मरीजों को अस्पताल लाया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने दो लाख रुपये की दवाइयां मंगवाई हैं। पूरे प्रदेश में दवाइयों के भारी टोटे के बावजूद संभावित बीमारियों को देखते हुए दवाइयों की आपूर्ति कर ली गई है।
करीब 10 दिन पहले यमुना में जलस्तर बढ़ने से आई बाढ़ की तबाही से जिले के 28 गांव बुरी तरह प्रभावित हो गए। पशुओं के लिए चारा नहीं बचा और घरों में संरक्षित गेहूं भी खराब हो गया। बाढ़ से करोड़ों के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है। बाढ़ से प्रभावित लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा भी पैदा हो गया, क्योंकि निरंतर नमी रहने के कारण अक्सर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभिन्न बीमारियां फैलती हैं। इन बीमारियों में डायरिया (उल्टी, दस्त, बुखार) खांसी-जुकाम, त्वचा रोग, नेत्र रोग शामिल हैं। इसके अलावा मच्छरों का प्रकोप बढ़ने मलेरिया व डेंगू का प्रकोप भी काफी बढ़ जाता है। इसके अलावा सांप, बिच्छू व इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। विभाग द्वारा बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों पर नजर रखी जा रही है। हालांकि में भी बीमारी फैलने कोई मामला सामने नहीं आया है।
निजी दवा कंपनियों से भी हो रही खरीदारी
प्रदेश में दवाइयों के भारी टोटे से जूझ रहे स्वास्थ्य विभाग ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए दवाइयों का इंतजाम करना शुरू कर दिया गया। निजी दवा कंपनियों से दवाइयों की खरीदारी की जा रही है। जिला स्वास्थ्य विभाग ने दो लाख रुपये दवाइयां खरीद ली है। विभाग द्वारा बुखार, खांसी, जुकाम, उल्टी, दस्त सहित अन्य बीमारियों की दवाइयों का इंतजाम कर लिया है। इसके अलावा ओआरएस व एंटी स्नैक दवाइयां मंगवाई है।
रोडवेज की मिनी बस गांवों तक ले जाएगी चिकित्सकों की टीम
बाढ़ ग्रस्त इलाके में डॉक्टर की टीमों को पहुंचाने के लिए हरियाणा रोडवेज की मिनी बसों को प्रयोग किया जाएगा। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने रोडवेज के अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश दिए हैं कि जिला सिविल सर्जन के निर्देशों के अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रहेंगी, ताकि आपातकाल स्थिति में परेशानी न हो। बुखार होने पर तुरंत मलेरियां व डेंगू की जांच की जाएगी।
जारी है मकान गिरने व फटने का सिलसिला
बाढ़ प्रभावित गांवों में मकान गिरने का सिलसिला जारी है। बुधवार को गांव इंद्रानगर में एक मकान की दीवार गिर गई। इसके अलावा दर्जनों मकान फट गए। मकानों की फर्श नीचे धंस गई। मकान गिरने का कारण जमीन में नमी होने के कारण तथा भूमि कटाव होने के कारण जमीन का धंसना है। मकानों के फटने से लोगों में मकान गिरने का खतरा पैदा हो गया है।
बाढ़ प्रभावित गांवों में लिए जा रहे पानी के नमूने
जिला सिविल सर्जन डॉ. एनके गर्ग ने बताया कि बाढ़ के बाद फैलने वाली बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क है। संभावित बीमारियों के लिए दवाइयों का स्टॉक पूरा कर लिया गया है। दो लाख की दवाइयां खरीदी गई है, जबकि पांच लाख की अतिरिक्त दवाइयों के लिए विभाग को लिखा गया है। गांवों में पीने के पानी के नमूने लिए जा रहे हैं। पानी में दवाई डाली जा रही रही है, ताकि संक्रमण ना फैले और लोग सुरक्षित रहें। सभी गावों के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई है।