पलवल।
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह अभियान भारत की वीरता, रणनीतिक क्षमता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने हमेशा देश की सुरक्षा और सम्मान को सर्वोपरि रखा है और ऑपरेशन सिंदूर ने एक बार फिर भारत की सैन्य शक्ति और अदम्य साहस को विश्व पटल पर स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि वीर जवानों ने अपने शौर्य और बलिदान से यह साबित कर दिया कि भारत हर परिस्थिति में अपने नागरिकों और सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है। खेल राज्य मंत्री ने पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए पलवल के लांस नायक दिनेश कुमार शर्मा को नमन करते हुए कहा कि उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
गौरव गौतम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की नारी शक्ति का भी प्रतीक बनकर उभरा है। उन्होंने अभियान में अहम भूमिका निभाने वाली सोफिया कुरैशी और व्योमिका सिंह के साहस और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि भारत की बेटियां अब देश की सीमाओं और आसमान की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं।