पलवल। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर गुरुवार को भी सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। सफाई कर्मचारी संघ ने 10 मई तक हड़ताल जारी रखने की घोषणा की है। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर होने के कारण जिले की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जिले की सभी प्रमुख सड़कों, बाजारों और रिहायशी इलाकों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि जिले के करीब 350 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उनके अनुसार, यह हड़ताल प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी और हठधर्मिता के कारण की जा रही है।
विज्ञापन
इसी माह स्वच्छता सर्वे के लिए आएगी केंद्रीय टीम
केंद्र सरकार की टीम इसी महीने स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए आने वाली है, लेकिन जिले में सफाई व्यवस्था की हालत खराब है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस साल भी जिले की रैंकिंग गिरेगी। पिछले साल भी जिले की रैंकिंग में गिरावट देखने को मिली थी। 2025 के सर्वेक्षण में 824 शहरों में से पलवल को 427वां स्थान मिला था, जबकि हरियाणा के 88 शहरों में यह 49वें पायदान पर रहा। साल 2024 की तुलना में 161 रैंक की गिरावट दर्ज की गई है। साल 2023 में जिले को देश में 266वां और राज्य में 13वां स्थान प्राप्त हुआ था। यह स्थिति तब है जब नगर परिषद हर महीने करीब 80 लाख रुपये सफाई पर खर्च करती है।
जिले के प्रमुख इलाकों में गंदगी का ढेर
शहर के न्यू कॉलोनी रोड, रसूलपुर रोड, किठवाड़ी चौक, सोहना रोड, ओल्ड जीटी रोड, एनएच-19, मीनार गेट, कैंप कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी के अलावा हथीन के बस अड्डा क्षेत्र, वार्ड नंबर-01, बास मोहल्ला, अहीर मोहल्ला और गढ़ी सहित कई इलाकों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इसके साथ ही होडल के परशुराम चौक, करण सिंह चौक, बाबू जगजीवन राम चौक, अग्रसेन चौक, मंगला टॉकीज, पुलिस थाना के सामने पर गंदगी का ढेर पड़ा हुआ है। जिले में लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण लोगों को बदबू और मच्छरों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
वर्जन
शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 20 कर्मचारियों की तैनाती कर कूड़ा उठान कराया जा रहा है। कूड़ा उठाने के लिए तीन महीने का टेंडर भी जारी कर दिया गया है। नगर परिषद जल्द ही शहर में फैली गंदगी और कूड़ा उठान की समस्या का स्थायी समाधान करेगी। -डॉ. यशपाल, चेयरमैन, नगर परिषद, पलवल