संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले में उत्पादित हरे प्याज की दिल्ली की मंडियों में लगातार मांग बनी हुई है। इस वर्ष जिले में करीब 7,720 हेक्टेयर क्षेत्र में प्याज की खेती की गई है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के अवसर मिल रहे हैं। जिला बागवानी अधिकारी डॉ. अब्दुल रज्जाक ने बताया कि नूंह की जलवायु और मिट्टी प्याज की खेती के अनुकूल है। फिरोजपुर झिरका सहित जिले के कई क्षेत्रों में किसान बड़े पैमाने पर इसकी खेती करते हैं।
उन्होंने बताया कि पाटखोरी, रवा, बघोला, महूं, तिगांव और रनियाला सहित कई गांवों में प्याज की फसल प्रमुखता से उगाई जाती है।
डॉ. रज्जाक ने बताया कि बागवानी विभाग किसानों को आधुनिक तकनीक और सूक्ष्म सिंचाई अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाता है। योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराना और निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन करना जरूरी है।