संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर गांव बघौला के समीप दो बाइकों की भिड़ंत में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस आरोपी की पहचान नहीं कर पाई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
गदपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रकाशचंद के अनुसार न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी निवासी अमित ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके 50 वर्षीय पिता ग्यासीराम किसी निजी कार्य से गए थे। बृहस्पतिवार देर शाम बाइक पर लौटते समय बघौला गांव के समीप एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उसके पिता सड़क गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक बाइक सहित मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।