संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हसनपुर निवासी एक व्यक्ति के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिये आई एपीके फाइल अपने आप इंस्टॉल हो गई। इसके बाद उसके बैंक खातों से पांच बार में कुल एक लाख 24 हजार रुपये की निकासी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पलवल में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित अनिल ने बताया कि 23 अक्तूबर की शाम उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया था, जिसके साथ एपीके फाइल थी। फाइल इंस्टॉल होने के बाद उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उसके पंजाब नेशनल बैंक खाते से तीन बार में 60 हजार, 30 हजार और 10 हजार रुपये निकल गए। वहीं, केनरा बैंक खाते से दो बार में 14 हजार और 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस प्रवक्ता संजय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर साइबर थाना पलवल ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आगे की कार्रवाई जारी है ।