केस दर्ज, नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, दिल्ली से गांव मैनपुरी जा रहे थे दोनों
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे पर स्थित बाबरी मोड़ पर बने फ्लाईओवर पर बाइक सवार दो सगे भाइयों को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और दुर्घटना में लगी चोटों की वजह से बड़े भाई की मौत हो गई जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि रूबी निवासी पश्चिमी दिल्ली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पति व बच्चों के साथ विसु बिहार पश्चिमी दिल्ली में रहते हैं।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि शनिवार की शाम उसके पति भोरेलाल छोटे भाई दिनेश के साथ दिल्ली से अपने गांव पोसरा सायपुरा जिला मैनपुरी यूपी जा रहे थे। बाइक देवर दिनेश चला रहे थे जबकि पति पीछे बैठे थे। रात के साढ़े बारह बजे जब बाइक होडल बाबरी मोड़ स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची तो अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाही से अपने वाहन को चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस टक्कर में लगी चोटों की वजह से पति भोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका देवर दिनेश राठौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।