पलवल। शहर के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र और आगरा चौक से लेकर बस डिपो तक की सड़क पर अतिक्रमण ने आम जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। शहर की मुख्य सड़क पर रेहड़ी-पटरी वालों द्वारा किए गए अनधिकृत कब्जे ने यातायात व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। बस स्टैंड के आसपास इस समस्या को शहर में लगातार बढ़ रहे ऑटो व ई-रिक्शा चालकों ने और बढ़ा दिया है। शहर की सड़कें और सर्विस लेन अब बाजारों में तब्दील हो चुकी हैं, जहां वाहन कम और ठेले-फड़ ज्यादा नजर आते हैं।
यह नजारा केवल शहर की सुंदरता और स्वच्छता को नुकसान नहीं पहुंचा रहा, बल्कि लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को भी मुसीबतों में डाल रहा है। सबसे ज्यादा परेशान यात्री, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग हो रहे हैं, जिन्हें या तो जाम में फंसना पड़ता है या जोखिम उठाकर रास्ता तय करना पड़ता है।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि यह कोई नई समस्या नहीं है। सालों से प्रशासन सिर्फ दिखावटी अभियान चलाता है। दो दिन सख्ती होती है, फिर सब पहले जैसा। अगर प्रशासन वाकई गंभीर हो, तो ये अतिक्रमण हफ्तों में नहीं, दिनों में हटाया जा सकता है।