ट्रक चालक की हत्या करने वाला आरोपी
- फोटो : Palwal
हथीन। ट्रक से डीजल चोरी का आरोप लगाकर गांव सिंगार थाना बिछौर जिला नूंह निवासी ट्रक चालक शौकीन की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी सैकुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी को हथीन अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। शौकीन के भाई तौफीक की शिकायत पर उटावड़ थाना पुलिस ने हत्या व साक्ष्य छिपाने का प्रयास करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
तौफीक ने शिकायत में कहा था कि उसका भाई शौकीन ट्रक चालक था। वह एक ट्रांसपोर्टर की गाड़ी चलाता था। गांव भूडपुर थाना उटावड़ निवासी सैकुल उसका फोरमैन था। सैकुल उटावड़ स्थित कॉलोनी में रहता है। तौफीक के पास 15 मई को दोपहर एक बजे मोबाइल पर साहिल आदि का फोन आया था तथा उससे कहा था कि शौकीन ने उनके ट्रक का डीजल चुरा लिया है। डीजल के रुपये लेकर सैकुल के उटावड़ स्थित घर आ जाओ । इन लोगों ने तौफीक से शौकीन की बात भी कराई थी। शौकीन ने तौफीक को बताया था कि ये लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। जल्दी से रुपये लेकर आ जाओ नहीं तो जान से मार देंगे।