संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
हरियाणा सरकार की पहल होगा हर समस्या का समाधान के तहत बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का एक ही स्थान पर समाधान उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से अध्ययन कर निर्धारित समय सीमा में उसका समाधान किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखें और नियमित समीक्षा भी करें। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि प्रशासन के प्रति जनविश्वास मजबूत करने का माध्यम भी है। इस दौरान नगराधीश प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, तहसीलदार दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।