संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। फसल अवशेष (पराली) जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और वायु प्रदूषण कम करने के उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा ने वर्ष 2026-27 के लिए फसल अवशेष प्रबंधन योजना लागू की है। योजना के तहत पात्र किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। उप कृषि निदेशक अनिल कुमार ने बताया कि इच्छुक किसान 3 अगस्त तक विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना में सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, मल्चर, बेलर, जीरो टिल ड्रिल, रीपर, रोटरी स्लेशर सहित कई कृषि यंत्र शामिल हैं। आवेदन के लिए ''मेरी फसल मेरा ब्यौरा'' पोर्टल पर पंजीकरण, ट्रैक्टर की वैध आरसी (जहां आवश्यक हो), आधार, पैन, परिवार पहचान पत्र और बैंक खाता अनिवार्य है। चयनित किसानों को सात दिनों के भीतर दस्तावेज कार्यालय में जमा कराने होंगे। विभाग ने किसानों से योजना का लाभ उठाकर पराली का वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की है।