पलवल।
बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर गांव जाने के लिए सवारी का इंतजार कर रहे 81 वर्षीय बुजुर्ग को अज्ञात व्यक्ति ने लिफ्ट देने के बहाने मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। रास्ते में गदपुरी टोल के पास उन्हें कोल्ड ड्रिंक पिलाई। इसके बाद बुजुर्ग के बेहोश होने पर आरोपी उनकी जेब से 12 से 13 हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज लेकर भाग गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, गांव रायदासका निवासी मंगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को वह रेलवे पास बनवाने फरीदाबाद गए थे। लौटते समय पृथला रेलवे क्रॉसिंग के पास बुजुर्ग बेहोश हो गए। आरोपी उन्हें हनुमान मंदिर के पास छोड़कर भाग गया। 25 सितंबर को राहगीर ने उन्हें जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजनों ने फरीदाबाद के निजी अस्पताल में उनका इलाज कराया। आरोपी उनके रेलवे के कागजात, पास, पहचान पत्र, आधार कार्ड और पैन कार्ड भी ले गया। पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।