जलभराव की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे उपायुक्त अधिकारियों को निर्देश देते हुए
- फोटो : Palwal
पलवल। दो दिन लगातार बारिश के बाद शहर और दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर केएमपी-केजीपी इंटरचेंज के पास जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब तक राहत नहीं मिली है। शहर में बुधवार को भी अधिकांश स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी रही। कई रिहायशी क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या बरकरार है। हालांकि, राजमार्ग पर पानी की निकासी के लिए प्रशासन पंपों द्वारा पानी निकालने का प्रयास कर रहा है। लेकिन, पूरी तरह से पानी शाम तक नहीं निकाला जा सका। जलभराव से कई क्षेत्रों में हालात अभी भी इतने खराब हैं कि लोगों का निकलना दूभर है।
दो दिन बाद मंगलवार देर शाम को उपायुक्त ने एसडीएम पलवल वैशाली सिंह तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शहर की कैंप कॉलोनी, न्यू एक्सटेंशन कॉलोनी, रसूलपुर रोड, रसूलपुर चौक, संजय कॉलोनी, प्रेम विहार, पुराना आगरा-दिल्ली रोड, सिविल अस्पताल रोड, हथीन मोड़, हथीन रोड, किठवाडी चौक, सेक्टर-2, आगरा चौक इत्यादि स्थानों का निरीक्षण किया। शहर के नालों की कनेक्टिविटी, पानी की निकासी आदि प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस बार बारिश से जमा पानी को जल्द बाहर निकालना सुनिश्चित हो पाया है। यह प्रक्रिया आगामी बारिश में भी अपनाई जाए तथा जल्द से जल्द शहर के पानी को बाहर निकाला जाए। शहर के सभी नालों, सीवरों की सफाई का कार्य फिर तत्परता से किया जाए। उपायुक्त ने इन कॉलोनियों में जाकर पानी निकासी की व्यवस्था चेक करने के साथ-साथ लोगों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्या के समधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने प्रेम विहार में एक नीची गली को ऊंचा उठाकर पक्का करने तथा संजय कॉलोनी में नाले को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि नालों पर स्थित पुलिया के पास लोहे के बड़े जाल अवश्य लगाए जाएं, ताकि गंदगी आगे न बढ़ पाए और उसकी सफाई जल्द करना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती पानी की निकासी नियमित रूप से होने के साथ-साथ सभी मेनहोल पर ढक्कन लगे होने चाहिए, ताकि खुले सीवरेज मेनहोल से कोई हादसा न हो। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में पानी निकासी के नालों की सफाई की जाए। पानी निकासी के लिए जरूरत के अनुसार मोटर और पंप सेट स्थापित किए जाएं।
दिल्ली-आगरा राजमार्ग पर ट्रैक्टर से पानी निकालते- फोटो : Palwal