पलवल। हरियाणा सरकार द्वारा संचालित समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उपायुक्तों के साथ राज्य स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा सीआरआईडी विभाग के आयुक्त एवं सचिव तथा हाउसिंग फॉर ऑल के महानिदेशक जे. गणेशन ने की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा समाधान प्रकोष्ठ के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति तथा लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। आयुक्त एवं सचिव जे. गणेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा दर्ज की जाने वाली शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने वीसी उपरांत जिला के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सुशासन के विजन के अनुरूप सरकार नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। समाधान प्रकोष्ठ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।